एसआईआर पर कांग्रेस का हल्ला बोल

By: Oct 7th, 2026 12:02 am

घुमारवीं मेंपार्टी कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे, सीईसी के फैसलों पर उठाए सवाल, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

निजी संवाददाता-घुमारवीं
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुमारवीं ने मंगलवार को चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन चंबेल सिंह की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले 10 महीनों में मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा लिए गए कई फैसलों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि दो चुनाव आयुक्तों ने विभिन्न मौकों पर मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों पर औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई थी। इनमें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया, मतदाता सूचियों में नाम जोडऩे और हटाने तथा चुनाव आयोग के आईटी सिस्टम के केंद्रीकरण से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल गिरफ्तार कर कानून के अनुसार जांच करवाने और उन्हें पद से हटाने की मांग की। उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए प्रमुख फैसलों तथा मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों की व्यापक, स्वतंत्र और निष्पक्ष समीक्षा करवाने की मांग उठाई। कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया और चुनाव आयोग के आईटी सिस्टम के केंद्रीकरण से जुड़े निर्णयों की भी पारदर्शी समीक्षा की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, फूलां देवी, बबली देवी, विशाल कैला, नंद लाल, विनोद कुमार, मंगी कुमार, आजाद चंदेल, रानी शर्मा, कैप्टन पवन कुमार, राजेंद्र पाल, सुरेंद्र कुमार, सतीश शर्मा, अनिल कुमार मिंटू, राकेश महाजन सहित अन्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App