करवाचौथ से पहले हमीरपुर बाजार में बढ़ी रौनक
करवाचौथ की खरीददारी के लिए उमड़ रहीं महिलाएं, दुकानों में सजी पूजा सामग्री और श्रृंगार का सामान,व्रत के लिए हमीरपुर की महिलाओं में जोरदार उत्साह
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
करवा चौथ का पर्व नजदीक आते ही हमीरपुर शहर में रौनक बढऩे लगी है। त्योहार को लेकर दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। बाजार में करवा चौथ से जुड़ी विभिन्न प्रकार की सामग्री उपलब्ध है ताकि महिलाओं को खरीदारी करने में परेशानी न हो। पर्व की तैयारियों के चलते शहर में लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और बाजार में धीरे-धीरे खरीदारी का माहौल बनने लगा है। करवाचौथ इस साल 29 अक्तूबर 2026 को मनाया जा रहा है। इस दिन सुहागिन महिलाएं पूरे नियम के साथ व्रत धारण करेंगी। करवा चौथ महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखने वाला पर्व है। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत रखती हैं। महिलाएं पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस पर्व की तैयारियां करती हैं। यही वजह है कि त्योहार से कुछ दिन पहले ही बाजारों में रौनक देखने को मिलने लगती है। करवा चौथ को ध्यान में रखते हुए हमीरपुर के दुकानदारों ने त्योहार से संबंधित विभिन्न प्रकार की सामग्री दुकानों में सजा रखी है।
महिलाओं की जरूरतों और पसंद को ध्यान में रखते हुए इस बार कुछ विशेष आइटम भी उपलब्ध करवाए गए हैं। बाजार में खरीदारी के लिए पहुंच रही महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार सामान देख रही हैं और त्योहार की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। दुकानों में आकर्षक पूजा की थाली, परांदा, करवे व अन्य सामग्री उपलब्ध है। इस बार परांदों का अधिक क्रेज महिलाओं में देखने को मिल रहा है। परांदों को शानदार ढंग से बनाया गया है जोकि महिलाओं के लिए आकर्षण का माध्यम बने हुए हैं। करवा चौथ केवल व्रत और पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेमए विश्वास और वैवाहिक रिश्तों की मजबूती का प्रतीक भी माना जाता है। इस पर्व को लेकर महिलाओं में खास उत्साह रहता है। ऐसे में हमीरपुर का बाजार भी त्योहार के रंग में रंगने लगा है और शहर में करवा चौथ की तैयारियों की रौनक साफ नजर आने लगी है।
हमीरपुर शहर मे बढ़ गई चहल-पहल
करवा चौथ के नजदीक आने के साथ ही हमीरपुर शहर के मुख्य बाजारों में चहल-पहल बढऩे लगी है। दुकानों पर सजा सामान और त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह बाजार की रौनक को बढ़ा रहा है। दुकानदारों को भी उम्मीद है कि पर्व के नजदीक आने वाले दिनों में खरीदारी में और तेजी आएगी। विशेषकर त्योहार से ठीक पहले बाजार में महिलाओं की आवाजाही बढऩे की संभावना है। इसस अब कारोबारियों मे उत्साह है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
