फोरलेन ने छीनी खेतों की राह, किसान खेती से हुए महरूम
पैरापिट लगने से लोहारकड़ की जमीन तक नहीं पहुंच रहा ट्रैक्टर, घास ढोने में भी ग्रामीणों की कसरत
निजी संवाददाता – कांगू
ग्राम पंचायत दंगड़ी के अंर्तगत पडऩे वाले गांव लोहारकड़ के किसान खेतीबाड़ी करने से महरूम हो गए हैं। इसका मुख्य कारण यहां से निकलने वाला फोरलेन है, क्योंकि फोरलेन निकलने से प्रति व्यक्ति करीब 10 से 15 कनाल भूमि फोरलेन के दोनों तरफ बंट गई है। गौर रहे कि एनएचएआई द्वारा सडक़ के दोनों ओर पैरापिट लगा दिए हैं, जिसके चलते उपरोक्त किसानों की जमीन के लिए कोई रास्ता नहीं बचा है। जुताई वाली जमीन में भी ट्रैक्टर के लिए रास्ता नहीं है। इसलिए अब की बार किसान खेत की जुताई से भी वंचित रह गए हैं।
लोगों में सुषमा देवी, सीमा रानी, राधा देवी, शकुंतला देवी, नीलम देवी, कांता देवी, विपन कुमारी, सुरेश कुमार, रोशन लाल, दीना नाथ, अमित कुमार, जसंवत आदि ने अपनी जमीन के लिए पैदल रास्ता/ट्रैक्टर रास्ता की मांग करते हुए एनएएचआई के आलाधिकारियों से मांग करते हुए कहा है कि अगर समय रहते हमारी समस्या का हल नहीं हुआ, तो मजबूरन हमें विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलना पडेगा। लोगों का कहना है कि हमने इसकी शिकायत एसडीएम नादौन से की थी। एसडीएम द्वारा एनएचएआई को मौका पर निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए तुरंत समस्या हल करने को कहा था, जिसपर एनएएचआई के अधिकारियों ने मौका पर निरीक्षण किया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कर देंगे समस्या हल
प्रोजेक्ट निदेशक एनएचएआई राकेश कुमार ने बताया कि उपरोक्त समस्या मेरे ध्यान में है। शीघ्र ही इस समस्या का हल करवा दिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
