रोजगार की मांग पर सडक़ों पर उतरे मजदूर
जॉब कार्ड धारकों को मनरेगा के तहत 125 दिन काम देने की मांग
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
सीटू से संबंधित मनरेगा व निर्माण मजदूरों ने गावों के स्तर पर विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन के तहत काम शुरू करने की मांग को लेकर खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुजानपुर में जोरदार प्रदर्शन किया और बाजार में रैली निकाली। प्रदर्शन के बाद मजदूरों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर ब्लॉक में ठेके पर करवाए जा रहे कामों के विरोध में शिकायत दर्ज करवाई।
मजदूरों ने मांग की कि ब्लॉक के सभी पंचायतों में गारंटी रोजगार आजीविका मिशन के तहत तुरंत काम शुरू किया जाए और जॉब कार्ड धारकों को मनरेगा के तहत 125 दिन का काम दिया जाए। इस पर बीडीओ ने मजदूरों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कहा कि पंचायत सचिवों को मजदूरों को रोजगार सुनिश्चित करने के लिए लिखित आदेश जारी किए जाएंगे ताकि आवेदन करने वाले लोगों को रोजगार सुनिश्चित किया जा सके। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठकुर, जिला सचिव जोगिंदर कुमार, जिला अध्यक्ष संतोष कुमार और प्रताप राणा ने कहा कि सरकार जानबूझकर रोजगार आजीविका मिशन काम न देकर कमजोर कर रही है।
हक छीनना गलत
गरीब मजदूरों का काम छीनकर मशीनों और ठेकेदारों से काम करवाया जा रहा है, जो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाई जा रही चार श्रम संहिताएं मजदूर विरोधी हैं।
गूंजेगी मजदूरों की आवाज
नेताओं ने ऐलान किया कि श्रम संहिताओं के विरोध में 1-2 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले महापड़ाव में सुजानपुर ब्लॉक से 50 मजदूर भाग लेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
