शहर में जाम का ‘जंजाल’, लोग परेशान

By: Oct 7th, 2026 12:02 am

माल रोड से अस्पताल मार्ग तक थमे वाहनों के पहिए, वाहनों की लंबी कतारों से लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी

निजी संवाददाता-सोलन
पर्यटन सीजन के बीच सोलन शहर में बढ़ती वाहनों की आवाजाही और बाजारों में उमड़ रही भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। सोमवार को शहर के माल रोड, पुराना बस अड्डा, बाईपास, अस्पताल मार्ग और पुराने उपायुक्त कार्यालय के आसपास कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतारों के कारण आम लोगों के साथ स्कूली विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। शहर में सुबह से ही विभिन्न मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था।

माल रोड और पुराना बस अड्डा क्षेत्र में वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण कई बार यातायात की रफ्तार बेहद धीमी रही। अस्पताल मार्ग पर जाम का असर मरीजों और उनके तीमारदारों पर भी पड़ा। जाम में स्कूली बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों के फंसने से विद्यार्थियों को देरी होती है। नौकरीपेशा लोगों को कार्यालय पहुंचने में परेशानी होती है, जबकि अस्पताल की ओर जाने वाले मरीजों के लिए भी समय पर पहुंचना जरूरी होता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि शहर के प्रमुख बाजारों में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और सडक़ किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्ती की जाए।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती

प्रमुख मार्गों पर पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन और वाहनों की आवाजाही को लेकर प्रभावी योजना बनाने की मांग उठाई गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश शर्मा ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख चौकों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। ट्रैफिक पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रख रही है और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App