शोघी में टैक्सी से 257 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब से शिमला नशा सप्लाई करने आया था तस्कर

By: Oct 27th, 2026 5:53 pm

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने शोघी के नजदीक एक टैक्सी से 257 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के अमृतसर निवासी 34 वर्षीय रेशम सिंह को गिरफ्तार किया है। एएसपी शिमला मेहर पंवर ने प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा शिमला में सप्लाई करने के इरादे से लेकर आ रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिमला में नशे की सप्लाई करने वाले बड़े तस्करों की पहचान करने और उनके नेटवर्क तक पहुंचने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में स्पेशल सेल शिमला की टीम काफी समय से एक संदिग्ध सप्लायर पर नजर रख रही थी। पुलिस आरोपी को पकडऩे के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान शोघी के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक टैक्सी को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी लेने पर टैक्सी में सवार रेशम सिंह के कब्जे से करीब 257 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी से बरामद 257 ग्राम चिट्टा वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में आता है। यह बरामदगी इस साल शिमला पुलिस की ओर से की गई प्रमुख बरामदगियों में शामिल बताई जा रही है। मामले में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 230/2026, दिनांक 27 अक्तूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और शिमला में इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी। जांच के दौरान आरोपी के संपर्कों, नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य व्यक्तियों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि केवल नशे की खेप लेकर आने वाले व्यक्ति तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि इस अवैध कारोबार के पीछे सक्रिय बड़े सप्लायरों तक भी पहुंचा जा सके।

इस साल अब तक पकड़ा 5.5 किलो चिट्टा

शिमला पुलिस ने इस वर्ष नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले आरोपियों और उनके नेटवर्क पर कार्रवाई तेज की है। पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक करीब 5.5 किलोग्राम हेरोइन और चिट्टा बरामद किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 30 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इसमें करीब 1.120 किलोग्राम हेरोइन की एक बड़ी बरामदगी भी शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग छह करोड़ रुपये आंकी गई थी। पुलिस की कार्रवाई केवल हेरोइन और चिट्टे तक सीमित नहीं रही है। इस वर्ष अब तक करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की वाणिज्यिक मात्रा में एलएसडी, 16.5 किलोग्राम चरस, 14 किलोग्राम अफीम और छह किलोग्राम पॉपी हस्क भी बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त, अवैध रूप से उगाए गए भांग और अफीम के 10 लाख से अधिक पौधों को नष्ट किया गया है।

शिमला पुलिस की रणनीति अब नशे की छोटी खेपों के साथ-साथ बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क को निशाना बनाने पर केंद्रित है। पुलिस ऐसे लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो दूसरे राज्यों से नशीले पदार्थ लाकर शिमला और आसपास के क्षेत्रों में उनकी सप्लाई करते हैं। पुलिस का मानना है कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सप्लाई चेन को तोडऩा जरूरी है। इसके लिए संदिग्ध सप्लायरों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही बरामदगी के मामलों में आगे और पीछे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों की उपलब्धता कम करना, अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App