कंडवाल बैरियर पर ट्रक से पकड़ा 270 टिन बिरोजा
पुलिस जिला नूरपुर की टीम ने बिरोजे सहित ट्रक किया जब्त, ड्राइवर को अरेस्ट कर शुरू की जांच
दिव्य हिमाचल टीम- नूरपुर, इंदौरा
वन संपदा के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस जिला नूरपुर की पुलिस चौकी कंडवाल एवं पुलिस थाना नूरपुर की टीम ने कंडवाल बैरियर पर एक ट्रक से 270 टीन बिरोजा बरामद किए हैं। प्रत्येक टीन की क्षमता 15 लीटर बताई गई है। पुलिस ने बिरोजा सहित ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार चार अक्तूबर 2026 को कंडवाल बैरियर एनएच 154 पर पुलिस टीम नाकाबंदी एवं यातायात जांच कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे जसूर की ओर से आ रहे ट्रक नंबर एचपी-38बी-6400 को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी के दौरान ट्रक में पीले रंग की तिरपाल के नीचे लोहे के टीन रखे पाए गए। जांच करने पर इन टीनों में बिरोजा पाया गया। पुलिस के अनुसार चालक से बिरोजा के परिवहन के संबंध में वैध परमिट अथवा अधिकार पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह मौके पर ऐसा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग के रेंज अधिकारी और वनरक्षक की मौजूदगी में टीनों को ट्रक से उतारकर उनकी गिनती की गई। कुल 270 टीन, प्रत्येक 15 लीटर क्षमता के पाए गए। वन विभाग के अधिकारियों ने बरामद सामग्री को विरोजा के रूप में सत्यापित किया। पुलिस के अनुसार इस मामले में चालक द्वारा मौके पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। बरामद सामग्री की वैध उत्पत्ति और परिवहन संबंधी तथ्यों की जांच अब जांच अधिकारी द्वारा की जा रही है। पुलिस ने मामले में करण मन्हास पुत्र चूड़ सिंह मन्हास निवासी गांव एवं डाकघर वेही पठियार तहसील जवालीको गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 270 टीन विरोजा और ट्रक को कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार मामले की आगामी जांच जारी है। जांच के दौरान विरोजा के स्रोतए स्वामित्वए परिवहन की अनुमति, गंतव्य तथा संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। यह भी स्पष्ट होगा कि बरामद वन उपज किस स्थान से लाई जा रही थी और उसके परिवहन के लिए आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी की गई थीं या नहीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
