बिजली बोर्ड में तैनात होंगे 32 ड्राइवर, विद्युत बोर्ड प्रबंधन ने कमी दूर करने को शुरू की प्रक्रिया
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
राज्य बिजली बोर्ड के विभिन्न कार्यालयों में चल रही चालकों की कमी जल्द ही दूर होगी। प्रबंधन ने चालकों की तैनाती को लेकर कार्रवाई आरंभ कर दी है और गृहरक्षक विभाग से इस संबंध में उपलब्धता की जानकारी मांगी है। इसके लिए प्रबंधन की तरफ से एक पत्र गृहरक्षक विभाग को भेजा है, जिसमें आउटसोर्स पर चालकों को नियुक्त करने का हवाला दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बिजली बोर्ड के विभिन्न कार्यालयों में वर्तमान में 32 चालकों की आवश्यकता है, जिसके मद्देनजर बोर्ड प्रबंधन ने अब चालकों की आउटसोर्स आधार पर नियुक्ति के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए प्रबंधन ने गृहरक्षक विभाग को इस संबंध में एक पत्र भेजा है, जिसमें बोर्ड के मुख्य कार्यालय शिमला जोन, सुन्नी, नालागढ़, घुमारवीं, ऊना, मंडी, जोगिंद्रनगर, करसोग, कुल्लू और केलांग सहित विभिन्न विद्युत मंडलों एवं अन्य कार्यालयों में चालकों की तैनाती का हवाला दिया है। इसके अलावा सुंदरनगर स्थित जनरेशन कार्यालय, पालमपुर जनरेशन सर्किल, लारजी, थलौट, कांगड़ा ऑपरेशन सर्किल, पांगी घाटी के किलाड़ और हमीरपुर स्थित कार्यालयों को भी आवश्यकता के अनुसार शामिल किया गया है।
बिजली बोर्ड में बिना चालक वाले कार्यालयों में 15 और सेवानिवृत्ति के बाद खाली पड़े ड्राइवर के सात पदों पर तैनाती होगी। जबकि किसी के अवकाश पर जाने की स्थिति में व्यवस्था को बनाए रखने के लिए 10 चालकों की नियुक्तियां होनी है। बिजली बोर्ड ने होमगार्ड विभाग से कहा है कि चालकों की उपलब्धता की जानकारी निर्धारित समय रहते भेजी जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
