एकलव्य स्कूलों में एसटी वर्ग के लिए 90 फीसदी सीटें आरक्षित, पांच फीसदी दिव्यांगों के लिए

By: Oct 9th, 2026 9:57 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में दाखिले की राह अब अनुसूचित जनजाति एसटी वर्ग के बच्चों के लिए और आसान हो गई है। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के तहत एसटी वर्ग को अब 80 के बजाय 90 प्रतिशत प्रभावी आरक्षण मिलेगा। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आठ अक्तूबर को शुद्धिपत्र जारी कर प्रॉस्पेक्टस की आरक्षण व्यवस्था में यह संशोधन किया है। इससे संबंधित श्रेणियों के अभ्यर्थियों की उपलब्धता के आधार पर आरक्षण का वितरण नए सिरे से तय किया गया है। बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने बताया कि ईएमआरएसएसटी-2027 के प्रॉस्पेक्टस/ विज्ञापन की धारा 9.4(1) में संशोधन किया गया है। प्रदेश में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह और डीएनटी/एनटी/एसएनटी समुदायों के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हैं। इसी कारण इन श्रेणियों के लिए तय कुल 10 प्रतिशत आरक्षण एसटी वर्ग में समायोजित किया जाएगा, जिससे एसटी वर्ग का प्रभावी आरक्षण 90 प्रतिशत हो जाएगा।

संशोधित व्यवस्था में वामपंथी उग्रवाद की घटनाओं, कोविड-19 तथा अन्य निर्धारित परिस्थितियों में माता-पिता को खोने वाले बच्चों, दिवंगत विधवाओं के बच्चों, दिव्यांग माता-पिता के बच्चों और अन्य निर्दिष्ट श्रेणियों के लिए संयुक्त रूप से सात प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। वहीं भूमि दानदाताओं के बच्चों के लिए तीन प्रतिशत सीटें निर्धारित की गई हैं। बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, ये प्रावधान संशोधित आरक्षण तालिका के अनुसार लागू होंगे। शुद्धिपत्र में किए गए संशोधनों के अलावा प्रॉस्पेक्टस और विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी। उन्होंने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि आवेदन से पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध शुद्धिपत्र और प्रॉस्पेक्टस को ध्यान से पढ़ें।

पांच फीसदी दिव्यांगों के लिए

कुल 60 सीटों में से पांच प्रतिशत सीटें बेंचमार्क दिव्यांगता वाले बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। भूमि दानदाता कोटे के तहत पात्र अभ्यर्थी को उसी एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में प्रवेश मिलेगा, जिसके लिए दानदाता ने भूमि दान की है। ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर से जुड़े प्रावधान भी संशोधित तालिका में शामिल किए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App