शिक्षकों की कमी पर चंबा कालेज में छात्रों का प्रदर्शन
प्राध्यापकों की कमी पर भडक़े विद्यार्थी, प्राचार्य आफिस के बाहर धरना; बोले, परीक्षाएं सिर पर और समाजशास्त्र का शिक्षक नहीं
नगर संवाददाता-चंबा
राजकीय महाविद्यालय चंबा में समाजशास्त्र के प्राध्यापक की नियुक्ति और अन्य विभागों में रिक्त पद भरने की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने शुक्रवार को प्राचार्य कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द रिक्त पद नहीं भरे गए तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने कहा कि महाविद्यालय में बेहतर आधारभूत सुविधाएं होने के बावजूद समाजशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषय को पढ़ाने के लिए एक भी शिक्षक नहीं है। ऐसे में शिक्षकों की कमी विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित कर रही है। विद्यार्थियों ने समाजशास्त्र, लोक प्रशासन, शारीरिक शिक्षा, जेएमसी, इतिहास, हिंदी और भौतिकी सहित विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग उठाई। इस दौरान संगीत विभाग और समाजशास्त्र विभाग के कमरों को लेकर बनी भ्रम की स्थिति पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि संगीत विभाग के कमरे में मरम्मत कार्य चलने के कारण वहां के विद्यार्थियों को अस्थायी रूप से समाजशास्त्र विभाग के खाली कमरे में भेजा गया था।
अब इस समस्या का समाधान कर लिया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने बताया कि संगीत विभाग और समाजशास्त्र के विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए सलाहकार एवं अनुशासन समिति की बैठक की गई। संगीत विभाग के विद्यार्थियों के अभ्यास के लिए यूजी ब्लॉक में बड़ा कमरा आवंटित किया गया है, जबकि समाजशास्त्र के विद्यार्थियों की कक्षाएं उनके निर्धारित कमरे में सुचारू कर दी गई हैं। इससे दोनों पक्षों के विद्यार्थी सहमत हैं। उन्होंने बताया कि समाजशास्त्र सहित अन्य विषयों में प्राध्यापकों की कमी दूर करने के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत करवा दिया गया है। शिक्षकों के स्थानांतरण और नियुक्तियों का निर्णय शासन स्तर पर ही लिया जा सकता है। प्राचार्य की ओर से उच्चाधिकारियों के समक्ष शिक्षकों की नियुक्ति का मामला उठाने के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने धरना समाप्त कर दिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
