हिमाचल के 70 उद्योगों में बनीं 95 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल, बच्चों के सिरप, एंटीबायोटिक शामिल
बीबीएन के सर्वाधिक 63 सैंपल सबस्टैंडर्ड, बच्चों के सिरप, एंटीबायोटिक शामिल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बीबीएन
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की जांच में हिमाचल के 70 दवा उद्योगों में निर्मित 95 दवा एवं संबंधित उत्पाद गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। सबस्टैंडर्ड पाई गई दवाओं में एंटीबायोटिक, बच्चों के सिरप, दर्द-बुखार, खांसी, एलर्जी, पेट की बीमारियों और थायराइड के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाओं सहित कैल्शियम व सप्लीमेंट्स शामिल हैं। यह खुलासा सीडीएससीओ के सितंबर माह के ड्रग अलर्ट में हुआ है। इसमें देश-विदेश में निर्मित 330 दवाओं को सबस्टैंडर्ड घोषित किया गया है।
इस फेहरिस्त में सबसे अधिक 63 दवा सैंपल बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र के हैं। ड्रग अलर्ट में हिमाचल के 95 उत्पादों के अलावा उत्तराखंड के 69, हरियाणा के 22, मध्य प्रदेश के 21, राजस्थान के 17, गुजरात के 15 और तमिलनाडु के 14 सैंपल शामिल हैं। महाराष्ट्र, पंजाब और सिक्किम के 12-12 तथा उत्तर प्रदेश के 10 सैंपल भी क्वालिटी टेस्ट में फेल हुए हैं। सीडीएससीओ ने स्पष्ट किया है कि जांच में मिली गुणवत्ता संबंधी खामी परीक्षण किए गए संबंधित बैच तक सीमित है। इसके आधार पर उसी दवा के अन्य बैचों अथवा निर्माता के दूसरे उत्पादों की गुणवत्ता पर निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।
नोटिस जारी, फेल बैच वापस मंगवाने के निर्देश
स्टेट ड्रग कंट्रोलर डा. मनीष कपूर ने बताया कि ड्रग अलर्ट में शामिल संबंधित उद्योगों को नोटिस जारी कर फेल बैच बाजार से रिकॉल करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन यूनिट्स के नाम बार-बार ड्रग अलर्ट में सामने आ रहे हैं, उनका इंस्पेक्शन कर खामियां चिह्नित करने को भी कहा गया है। मॉनिटरिंग और इंस्पेक्शन के दौरान कमियां मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पाकिस्तान की ब्यूटी क्रीम में ज्यादा मर्करी
सितंबर के ड्रग अलर्ट में विदेश में निर्मित 12 उत्पादों के सैंपल भी शामिल हैं। इनमें इटली के छह, पाकिस्तान के चार और थाईलैंड के दो सैंपल हैं। पाकिस्तान में निर्मित गोरी ब्यूटी क्रीम के चार सैंपल में मर्करी की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक दर्ज की गई। इनमें दो सैंपल में हाइड्रोक्विनोन और एक में मोमेटासोन फ्यूरोएट की मौजूदगी भी पाई गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
