सराहन में सजी सुरों की महफिल; पहाड़ी पंजाबी, हिंदी गीतों पर झूमे लोग

By: Oct 23rd, 2026 12:55 am

रामलीला के बाद सराहन में सांस्कृतिक संध्या की धूम, उमड़ी भीड
नगर संवाददाता-चंबा
रामलीला क्लब युवक मंडल सराहन की ओर से श्रीरामलीला के सफल मंचन के उपरांत बुधवार रात सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करियां वार्ड के जिला परिषद सदस्य राज सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान रामलीला क्लब के सदस्यों ने मुख्यातिथि को टोपी, पटका और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यातिथि राज सिंह ठाकुर ने अपनी ओर से रामलीला क्लब को 11 हजार रुपये की राशि भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने क्लब की मांग पर अगले वर्ष रामलीला के मंचन से पहले साउंड सिस्टम खरीदकर उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की। सांस्कृतिक संध्या का आगाज भगवान श्रीराम की आरती के साथ हुआ। इसके बाद चंबा के युवा कलाकार मास्टर मनन ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। उन्होंने पहाड़ी और पंजाबी गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

इसके बाद गायिका मिस पूजा और साल घाटी के युवा कलाकार प्रदीप सरयाल तथा सावन जर्याल ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण वाइस ऑफ शिमला फेम गायक सुभाष प्रिंस रहे। उन्होंने पंजाबी, हिंदी और पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने खूब आनंद लिया और कार्यक्रम में देर रात तक उत्साह बना रहा। इस अवसर पर रामलीला क्लब युवक मंडल सराहन के अध्यक्ष राज कुमार, उपाध्यक्ष अजय कुमार, सचिव विनोद और कोषाध्यक्ष मनेश कुमार सहित क्लब के सदस्य विजय, सुनील, राजेश, कनु, बबलू और सुभाष मौजूद रहे। सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भी भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App