जहां राम मंदिर निर्माण का प्रण, वहीं लगी पट्टिका, पूर्व सीएम शांता कुमार ने रोटरी भवन पालमपुर में किया अनावरण

By: Oct 20th, 2026 12:05 am

पूर्व सीएम शांता कुमार ने रोटरी भवन पालमपुर में किया अनावरण, समाजसेवी डा. शिव कुमार की प्रतिमा भी स्थापित

दिव्य हिमाचल टीम — पालमपुर

रामनवमीं के मौके पर राम मंदिर के इतिहास से पालमपुर जुड़ गया है। रोटरी भवन पालमपुर में राम मंदिर निर्माण से जुड़ी पट्टिका और समाजसेवी डा. शिव कुमार की प्रतिमा का अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार द्वारा किया गया। वर्ष 1989 में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की ऐतिहासिक बैठक पालमपुर के रोटरी भवन में हुई थी। उस समय शांता कुमार हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष थे। इसी बैठक में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया था। इस प्रस्ताव को लालकृष्ण आडवाणी ने प्रस्तुत किया था और अटल बिहारी वाजपेयी ने समर्थन दिया था।

अटल बिहार वाजपेयी ने कहा था कि जब तक राम मंदिर बन नहीं जाता, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। 22 जून, 2024 को यह सपना साकार हुआ और अब पालमपुर रोटरी भवन में उसे इंगित करती पट्टिका लगाई गई है, जो कि आने वाली पीढिय़ां इस इतिहास को जान सकें। शांता कुमार ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनाने का महत्त्वपूर्ण निर्णय रोटरी भवन पालमपुर में ही किया गया था। उस महत्त्वपूर्ण निर्णय की संकल्प पट्टिका इस कमरे में लगाई गई है। उन्होंने कहा कि रोटरी की ओर से पालमपुर के महान समाजसेवी डाक्टर शिव कुमार की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया है। डाक्टर शिव कुमार रोटरी संस्था के संस्थापक थे। उन्होंने मारंडा का रोटरी आई हॉस्पिटल तथा और भी कई संस्थाओं को प्रारंभ किया था।

हिमाचल प्रदेश के लिए यह बड़े गौरव की बात है कि कुछ दिन पहले मारंडा के आंखों के अस्पताल को उत्तर भारत के सर्वश्रेष्ठ अस्पताल का दर्जा दिया गया है। शांता कुमार ने कहा कि यह संयोग है कि राम मंदिर निर्माण को लेकर जो जत्था गया था, उसमें डाक्टर शिव कुमार भी थे, अब पट्टिका और डा. शिव कुमार की प्रतिमा का अनावरण एक साथ हुआ है। इस अवसर पर विधायक आषीष बुटेल, पूर्व मंत्री रविंद्र रवि, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, राघव शर्मा, भाजपा नेता त्रिलोक कपूर सहित अनेक लोग व रोटरी सदस्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App