लाहुल के तांदी में हादसा, चंद्रभागा नदी में गिरी कार, तीन की मौत, चार सवार गंभीर रूप से घायल
लाहुल के तांदी में हादसा, चार सवार गंभीर रूप से घायल
निजी संवाददाता-केलांग
लाहुल-स्पीति जिला के तांदी गांव के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसा पेश आया। हरियाणा नंबर की एक गाड़ी अनियंत्रित होकर चंद्रभागा नदी में जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के समय गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र लाहुल-स्पीति से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को वाहन (एचआर 03पी 3251) तांदी गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सीधे चंद्रभागा नदी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि यह शादी समारोह में जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पटवारी मायड़ पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया।
डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में सलग्रां निवासी शिव कुमार पुत्र रूप सिंह, अजय पुत्र रूप सिंह और कार्तिक पुत्र जारम चंद की मौत हो गई। उधर, रोहित पुत्र मदन लाल, पुष्पेंद्र पुत्र अमरनाथ, समीर पुत्र राम किशन और विवेक पुत्र देवी सिंह घायल हुए हैं। रोहित, समीर और विवेक सलग्रां गांव के निवासी हैं, जबकि चालक पुष्पेंद्र भुजुंड का रहने वाला है। चारों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी उदयपुर में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
