तीन हेलिकॉप्टर, 500 जवानों के सुरक्षा घेरे में रहा एम्स
दीक्षांत समारोह के दौरान दो मार्गों पर घंटों थमी रही वाहनों की रफ्तार, -दो मार्ग रहे नो-मूवमेंट जोन, तीन सेक्टरों में बांटा था वीवीआईपी रूट
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
एम्स बिलासपुर में मंगलवार को आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा को लेकर पूरे परिसर में कड़ा सुरक्षा घेरा रहा। राष्ट्रपति के बेड़े में तीन हेलीकॉप्टर शामिल रहे। एक हेलीकॉप्टर में राष्ट्रपति सवार थीं, जबकि दो हेलीकॉप्टर सुरक्षा और बैकअप के तौर पर साथ रहे। वहीं दौरे से पहले सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने एम्स परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर ट्रायल भी किया था। मंगलवार को राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। एम्स परिसर और वीवीआईपी रूट को तीन सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस जवानों के साथ कमांडो भी अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहे।
जिला बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था को अंजाम दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त राहुल कुमार के नेतृत्व में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती समेत अन्य प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के चलते एम्स परिसर के दो प्रमुख मार्ग निर्धारित समय तक नो-मूवमेंट जोन रहे। गेट नंबर-दो से हेलिपैड होते हुए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक और वापस आने वाले मार्ग पर सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। टाइप-टू और टाइप-थ्री रेजिडेंशियल एरिया की पार्किंग से क्लब हाउस होते हुए गेट नंबर-तीन तक के मार्ग पर सुबह सात बजे से दोपहर 1:30 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक रही। समारोह में पहुंचे अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों के वाहनों को भी ऑडिटोरियम के सामने खड़ा करने की अनुमति नहीं थी। अतिथियों को ऑडिटोरियम के सामने उतारने के बाद वाहनों को इमरजेंसी गेट नंबर-एक के पास स्टाफ पार्किंग में खड़ा करवाया ।
जरूरी वाहनों को ही मिली आवाजाही की अनुमति
सामान्य वाहनों की आवाजाही पर लगाए गए प्रतिबंध के बीच केवल समारोह से जुड़े अतिथि, गणमान्य व्यक्ति, प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी और अधिकृत स्टाफ को निर्धारित व्यवस्था के तहत आवाजाही की अनुमति रही। सुरक्षा कर्मियों ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था संभाली, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के साथ एम्स में मरीजों और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित न हो।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
