आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने निकाली रैली

By: Oct 24th, 2026 12:56 am

सरकार से मांगें जल्द पूरी करने की उठाई मांग

स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को ऊना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने मानदेय वृद्धि की अधिसूचना के विरोध में रैली निकाली। रैली एमसी पार्क से शुरू होकर मिनी सचिवालय तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। यूनियन का कहना है कि प्रदेश सरकार ने बजट सत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,000 रुपए तथा सहायिकाओं के मानदेय में 1,000 रुपये की वृद्धि की घोषणा की थी।

यूनियन के अनुसार, इस वृद्धि को अप्रैल 2026 से लागू किया जाना था, लेकिन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा 22 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना में इसे 1 नवंबर 2026 से लागू करने का उल्लेख किया गया है। यूनियन की राज्य अध्यक्ष नीलम जसवाल और राज्य महासचिव वीना शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों के पोषण, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा मातृ-शिशु कल्याण जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App