हरलोग सीएचसी के लिए 87 लाख मंजूर

By: Oct 24th, 2026 12:56 am

पीडीएनए के तहत होगा मरम्मत और सुविधाओं का विस्तार, विधायक त्रिलोक जमवाल ने अधिकारियों को दिए गुणवत्ता के निर्देश

स्टाफ रिपोर्टर — बिलासपुर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरलोग की सूरत जल्द बदलने वाली है। केंद्र सरकार ने अस्पताल में मरम्मत, रखरखाव और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए पीडीएनए के तहत 87 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने शुक्रवार को प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक त्रिलोक जमवाल ने इस राशि को स्वीकृत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग मिल रहा है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को घर के नजदीक बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध हों और उन्हें छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूरदराज के बड़े अस्पतालों में न जाना पड़े। बैठक के बाद विधायक ने अस्पताल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ.सफाई, भवन की स्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर घुमारवीं के एसडीएम अभिषेक भरवाल, बीएमओ डा. अनुपमा शर्मा व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए कैंटीन विकसित करने पर भी जोर दिया।

व्यवस्था तक सुधरेगी

त्रिलोक जमवाल ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरलोग से क्षेत्र की कई पंचायतों के हजारों लोग स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करते हैं। इनमें बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद परिवार भी शामिल हैं। ऐसे में अस्पताल में आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। पीडीएनए के तहत स्वीकृत 87 लाख रुपये से अस्पताल के सभी कमरों की मरम्मत और रखरखाव सहित भवन के आंतरिक और बाहरी स्वरूप को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही साफ.सुथरे शौचालयों की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में बिजली की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता रहेगी।

कांग्रेस कार्यकर्ता ही प्रदेश सरकार से खुश नहीं
बिलासपुर। सदर विस क्षेत्र के विधायक त्रिलोक जमवाल ने कांग्रेस की बैठक को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की बैठक में हुए विवाद से ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश सरकार से खुश नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जिस तरह से डांट लगाई गई, उससे यही प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस में अनुशासन भी कमी है। कांग्रेस भवन में जब भी बैठक होती है विवाद होता है। कांग्रेस की आपसी गुटबाजी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App