सोलन के करीब 90 खिलाडिय़ों ने किया अभ्यास
प्रशिक्षण शिविर संपन्न, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए छात्रों ने प्रतिभा का किया प्रदर्शन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुनिहार
जिला सोलन की अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की मेजर गेम्स टीम के खिलाडिय़ों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में खूब पसीना बहाया। सीबीएसई विद्यालय कुनिहार में 26 से 29 अक्तूबर तक आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित करीब 90 खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। शिविर में खिलाडिय़ों को खेल की बारीकियों के साथ अनुशासन और खेल भावना का महत्व भी समझाया गया। प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाडिय़ों ने फुटबॉल, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, बैडमिंटन और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं के लिए अभ्यास किया। प्रशिक्षित कोच और शिक्षकों ने खिलाडिय़ों को खेल तकनीक में सुधार करने के साथ प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के गुर सिखाए। खिलाडिय़ों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर प्रभारी बृज लाल और संजीव कुमार की अगुवाई में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में प्रतिदिन सुबह मार्च पास्ट और अनुशासन परेड के साथ दिन की शुरुआत होती थी।
इसके बाद खिलाडिय़ों को विभिन्न खेलों का अभ्यास करवाया जाता था। प्रशिक्षण के दौरान खिलाडिय़ों की शारीरिक क्षमता, खेल कौशल और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया गया। ंविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह रानौत ने शिविर के सफल आयोजन के लिए शिविर प्रभारी, कोच और सहयोगी शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने खिलाडिय़ों को 31 अक्तूबर से तीन नवंबर तक बिलासपुर में होने वाली राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर जिला सोलन का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों और शिक्षकों को दीपावली की अग्रिम बधाई भी दी। शिविर प्रभारी संजीव कुमार ने प्रशिक्षण शिविर के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला सोलन की टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन करेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
