निशानदेही को गए अफसरों पर हमला
अंब के पंजोआ खुर्द में हुआ विवाद; जेई पर फेंके पत्थर, धक्का मुक्की में सहायक अभियंता भी घायल, क्रास केस दर्ज
स्टाफ रिपोर्टर-अंब
थाना अंब के तहत पंजोआ खुर्द में भूमि की निशानदेही के दौरान हुए विवाद को लेकर एक महिला और राजस्व विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस थाना अंब में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंजोआ खुर्द निवासी एक महिला ने अपनी शिकायत में ओर लोक निर्माण विभाग के एसडीओ पर धक्का-मुक्की करने, दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं। महिला के अनुसार, 17 अक्तूबर को भूमि की निशानदेही के दौरान शाम करीब 6:30 बजे तक कार्रवाई जारी रही। अंधेरा होने पर उसने आपत्ति जताई, लेकिन कार्रवाई जारी रही।
इसी दौरान उसके और उसकी बेटी के साथ दुव्र्यवहार किए जाने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। उधर अधिकारियों ने सरकारी काम में बाधा डालने का लगाया आरोप नायब तहसीलदार ओर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने संयुक्त शिकायत में आरोप लगाया कि निशानदेही के दौरान कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, अधिकारियों व कर्मचारियों से गाली-गलौज की और मारपीट की। शिकायत के अनुसार, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता पर पत्थर फेंके गए, जबकि सहायक अभियंता के साथ धक्का-मुक्की कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया, जिससे उनकी बाईं टांग में चोट आई। अधिकारियों ने घटना की वीडियोग्राफी होने की बात भी कही है। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत के वाद क्रॉस मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घायल एसडीओ का मेडिकल करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आगामी कारवाई कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
