बीटेक-बी फार्मेसी की परीक्षाएं पहली दिसंबर से

By: Oct 22nd, 2026 12:08 am

यूजी-पीजी के नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर एग्जाम का संभावित शेड्यूल जारी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने दिसंबर में प्रस्तावित परीक्षाओं के लिए संभावित शेड्यूल जारी किया है। परीक्षाओं के संभावित शेड्यूल के अनुसार तकनीकी विवि व संबंधित शिक्षण संस्थानों के नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर की परीक्षाएं पहली दिसंबर से शुरू होंगी। तकनीकी विवि ने बीटेक, बी फार्मेसी, बी आर्क, बीएचएमसीटी, बीसीए, बीबीए, फार्मा एमए एमबीए, एमसीए, एमटेक, एमएससी, एमए/ एमएससी योग के नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर परीक्षा का संभावित शेड्यूल जारी किया है।

तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि दिसंबर में प्रस्तावित परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा की संभावित तिथियां भी जारी कर दी हैं। इस बारे में सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को सूचित कर दिया है। तिथियों में बदलाव या कोई सुझाव हों, तो पांच नवंबर तक विश्वविद्यालय को अवगत करवा सकते हैं। परीक्षा की अंतिम तिथियां 12 नवंबर को जारी की जाएंगी। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि जल्द ही परीक्षा के ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बिना लेट फीस छह नवंबर तक भरें परीक्षा फॉर्म

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने दिसंबर माह में प्रस्तावित परीक्षाओं के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तकनीकी विवि व संबंधित शिक्षण संस्थानों के अभ्यर्थी छह नवंबर तक बिना लेट फीस परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि परीक्षा फॉर्म भरने से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। अभ्यर्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर अधिसूचना देख सकते हैं। 22 अक्तूबर से अभ्यर्थी परीक्षा पोर्टल के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं।

आवेदन में कल तक सुधार का मौका

आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने एफएमजीई अक्तूबर 2026 के उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। इसके अनुसार, आवेदन में अधूरे दस्तावेज जमा करने और तस्वीरों से जुड़ी कमियों को ठीक करने के लिए अंतिम तारीख बढ़ाई गई है। उम्मीदवारों को अब 23 अक्तूबर, 2026 को दोपहर 2 बजे तक जरूरी सुधार और दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके बाद समय-सीमा आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। इसलिए जिन उम्मीदवारों के आवेदन में कोई कमी है, उन्हें निर्धारित समय के भीतर जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। एनबीईएमएस ने आवेदन से जुड़ी दो प्रमुख कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन उम्मीदवारों के आवेदन में जरूरी दस्तावेजों की कमी है, उन्हें निर्धारित निर्देशों के अनुसार संबंधित दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन पत्र में अपलोड की गई तस्वीर, हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान में कोई कमी होने पर उसे ठीक करना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App