भटियात को 600 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात जल्द
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने दो संपर्क सडक़ों का किया भूमि पूजन, बोले, सीएम सुक्खू करेंगे परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास
स्टाफ रिपोर्टर-चुवाडी
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द विधानसभा क्षेत्र भटियात का दौरा कर 600 करोड़ से अधिक धनराशि वाली विभिन्न विभागीय परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष शनिवार को ककीरा कस्बे के अंतर्गत ग्राम पंचायत जरेई में 89 लाख राशि से निर्मित होने वाले मगन्यूई-रुडबा संपर्क मार्ग के भूमि पूजन करने के पश्चात बैरियां गला में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भटियात प्रवास के दौरान मिनी सचिवालय, सिविल कोर्ट, सर्किट हाउस एवं पेयजल- सिंचाई, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि से संबंधित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घााटन एवं शिलान्यास विकास कार्यों की गति को तीव्रता प्रदान करेगा। कुलदीप पठानिया ने ककीरा, घटासनी, तारागढ, खरेड़ी और आसपास की पंचायतों में सडक निर्माण, सर्वे तथा पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित 11 सडक़ परियोजनाओं के अंतर्गत 4 को एफफआरए के अंतर्गत स्वीकृति उपलब्ध करवाई जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि भटियात क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और जलवायु के अनुरूप सभी संपर्क मार्गों का निर्माण लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाया जा रहा है। इससे सडक़ों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और टिकाऊपन को प्राथमिकता देते हुए आल वेदर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके बाद कुलदीप सिंह पठानिया ने ग्राम पंचायत नैनीखड्ड़ के तहत रैना- बलेरा संपर्क सडक का भी शिलान्यास किया। रैना गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रैना-बलेरा संपर्क मार्ग के निर्माण कार्यों पर 69 लाख की धनराशि व्यय करने का प्रावधान रखा गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों की मांग पर घटासनी-लाहडू संपर्क मार्ग को नैनीखडड तक विस्तार देने की भी घोषणा की साथ ही ढुढियारा बंग्ला में खेल मैदान बनाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने महिला मंडल भडेला, मगन्यूई-रुडबा, रैना तथा केहलू को 25-25 हजार की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याओं का भी समाधान किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
