चंबा वेलफेयर एसोसिएशन ने बैठक में उठाए जनहित के मुद्दे

By: Oct 9th, 2026 12:54 am

नगर संवाददाता-चंबा
चंबा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक गुरुवार को मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष ओम प्रकाश गोस्वामी ने की। बैठक में शहर की बुनियादी समस्याओं और जनहित के अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान नगर परिषद के सभी 11 वार्डों के अंतर्गत आने वाले मुक्ति धामों की बदहाली पर गहरी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि सदियों पुराने भागोत मुक्ति धाम की संपर्क सडक़ लंबे समय से खस्ताहाल है। इस मार्ग में जगह- जगह गड्ढे और गहरी खाई होने से अंतिम यात्रा में शामिल लोगों के साथ हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी तरह शीतला पुल, जुलाहकड़ी और हरदासपुरा स्थित मुक्ति धामों की संपर्क सडकों और साफ-सफाई की स्थिति भी दयनीय है। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि अंतिम विश्राम स्थलों तक जाने वाले रास्तों की त्वरित मरम्मत कर वहां स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही चमेशनी और लोअर बनगोटू मोहल्लों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन मार्ग को नो-पाॄकग जोन घोषित करने का प्रस्ताव रखा गया। सदर तहसील से नगर परिषद कार्यालय, सीताबाड़ी मंदिर और लक्ष्मी टाकीज होते हुए होटल अरोमा पैलेस तक जाने वाले एकमात्र संपर्क मार्ग पर वाहनों के बेतरतीब खड़े रहने से भारी जाम रहता है।

घनी आबादी वाले इन क्षेत्रों में आगजनी या गंभीर बीमारी की स्थिति में एंबुलेंस और दमकल वाहनों का पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में आपात सेवाओं की सुगमता के लिए इस मार्ग को तुरंत नो-पार्किंग क्षेत्र बनाना आवश्यक है। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की मांग पर रावि व्यू कैफे रोड के विस्तारीकरण की भी पुरजोर वकालत की गई। सुबह-शाम सैर करने वाले लोगों और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए इस मार्ग को चौड़ा करने, टूटे बेंचों की मरम्मत तथा नियमित सफाई की मांग उठाई गई। साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त तेज करने का आग्रह किया गया। एसोसिएशन ने जलापूर्ति पुनर्निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने का आह्वान करते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से इन सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपील भी की। बैठक में एसोसिएशन के महासचिव सुरेश कश्मीरी, दर्शन मैहता, प्रेम सिंह, सत्याप्रसाद वैद व हरिदं्र बगलवान आदि मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App