मुख्यमंत्री सुक्खू का होली दौरा रद्द, जानिए कारण
युकां प्रदेश उपाध्यक्ष के निधन के चलते फैसला, चौपर में खराबी के कारण अंतिम यात्रा में नहीं हो पाए शामिल
निजी संवाददाता — होली
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का होली घाटी का दो दिवसीय दौरा बुधवार देर रात युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी के करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत की घटना के चलते रद्द हो गया। चंद्रमणि कुलेठी की मौत की सूचना के बाद मुख्यमंत्री ने होली घाटी में प्रस्तावित तमाम कार्यक्रम रद्द कर दिए। हालांकि दोपहर बाद तक मुख्यमंत्री सुक्खू का चंद्रमणि कुलेठी की अंतिम यात्रा में पहुंचने का कार्यक्रम था, मगर हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी के चलते मुख्यमंत्री शिमला से होली का रुख नहीं कर पाए।
उधर, चंद्रमणि कुलेठी की दर्दनाक हादसे में मौत के चलते गुरुवार को होली बाजार पूरी तरह बंद रहा। दोपहर बाद चंद्रमणि कुलेठी का रावी नदी के किनारे पर अंतिम संस्कार किया गया। बताते चलें कि मुख्यमंत्री सुक्खू का गुरुवार को चंबा जिला के होली में दो दिनों के प्रवास पर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन इस बीच होली से युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मृत्यु होने का समाचार मुख्यमंत्री को मिला। इसके चलते होली में मुख्यमंत्री के उद्घाटन-शिलान्यास समेत अन्य कार्यक्रमों को उन्होंने रद्द कर दिया।
शोक में डूबी हिमाचल कांग्रेस
सीएम के होली दौरे की तैयारियों में जुटे युकां नेता की करंट लगने के कारण हुई मृत्यु की खबर मिलते ही हिमाचल कांग्रेस शोक में डूब गई है। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, विक्रमादित्य सिंह, अनिरुद्ध सिंह, चंद्र कुमार और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, विनोद जिंटा समेत प्रदेश कांग्रेस कमेटी व अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना भगवान से की है।
इन्होंने भी दुख जताया
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मंत्री विक्रमादित्य सिंह व विधायक नीरज नैयर सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर दुख प्रकट किया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
