चंबा के होली जाएंगे CM, सुटकर गांव में बिताएंगे रात, होली-उतराला, बड़ा भंगाल सडक़ निर्माण का करेंगे निरीक्षण
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का होली क्षेत्र का लंबे समय से प्रस्तावित दौरा हुआ तय
22 अक्टूबर को शिमला से गगल एयरपोर्ट, फिर हेलीकॉप्टर से होली के लिए भरेंगे उड़ान
होली-उतराला और बड़ा भंगाल सडक़ निर्माण का करेंगे निरीक्षण, स्कूली बच्चों से करेंगे संवाद
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
हिमाचल के दुर्गम इलाकों में रात्रि प्रवास कर जनता का दर्द जानने की सीएम सुक्खू की मुहिम चंबा की होली घाटी में पहुंचेगी। पांगी-भरमौर विधानसभा क्षेत्र की दुर्गम होली घाटी के सुटकर गांव में अब सीएम रात गुजारेंगे। दो दिन का उनका होली में प्रवास रहेगा और इस दौरान वह स्कूली बच्चों के साथ संवाद भी करेंगे। इसके अलावा बहुचर्चित होली-उतराला सडक़ निर्माण के साथ-साथ बड़ा भंगाल रोड़ का निरीक्षण भी करेंगे। बहरहाल सीएम ऑफिस की तरफ से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का कार्यक्रम जारी हो गया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का लंबे समय से होली घाटी का दौरा प्रस्तावित था। चंूकि सीएम सुक्खू ने बड़ा भंगाल के प्रवास के दौरान वहां उनसे मिलने पहुंचे होली-उतराला सडक़ संघर्ष समिति के साथ होली घाटी का दौरा करने का वायदा किया था। लिहाजा अब सीएम सुक्खू अपने वायदे को निभाने के लिए राजधानी शिमला से चंबा की होली घाटी की तरफ रूख करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय की और से जारी कार्यक्रम के तहत सीएम सुक्खू 22 अक्टूबर को सुबह पौने ग्यारह बजे अनाडेल हेलीपैड़ से गगल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे और फिर वहां से 12:15 मिलने पर होली पहुंचेंगे।
तहसील मुख्यालय होली में इस दौरान मुख्यमंत्री विकास से जुड़ी परियोजनाओं का नींव पत्थर रखने के अलावा लोकापर्ण भी करेंगे। इस दिन होली में सीएम एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद सीएम क्षेत्र के प्रसिद्व लाके वाली माता मंदिर पहुंचेंगे। जहां पर पूजा-अर्चना के साथ-साथ सीएम होली-उतराला और बड़ा भंगाल सडक़ के चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। 22 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत रात्रि ठहराव होली पंचायत के सुटकर गांव में करेंगे। इस दौरान वह गांव में स्थित नाग मंदिर के प्रांगण में स्थानीय लोगों के अलावा महिला व युवक मंडल के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
इएमआरएस-सीसें स्कूलों के बच्चों के साथ संवाद
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू होली स्थित पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (इएमआरएस) के विद्यार्थियों के साथ संवाद करने 23 अक्टूबर को कार्यक्रम है। जिसके बाद सीएम सीएम होली स्थित हेलीपैड से गगल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे और दोपहर तक शिमला पहुंच जाएंगे।
—अजय
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
