ऊना में कांग्रेस ने निकाली रोष रैली, ज्ञानेश का पुतला फूंका
विश्रामगृह से मिनी सचिवालय तक पहुंचे कार्यकर्ता, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन; एसपी को एफआईआर के लिए आवेदन, केंद्र के खिलाफ लगाए नारे
नगर संवाददाता-ऊना
लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी ऊना ने गुरुवार को शहर में रोष प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा सहित जिले के विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह ऊना से रोष रैली निकाली। रैली आईएसबीटी से होते हुए मिनी सचिवालय पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’, ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की।कार्यक्रम में गगरेट विस क्षेत्र के विधायक राकेश कालिया, चिंतपूर्णी विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा, एआईसीसी सचिव चेतन चौहान, प्रदेश संगठन महासचिव विनोद जिंटा, पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा, जिला प्रभारी विकास ठाकुर, रंजीत राणा मौजूद रहे।
वोट हर नागरिक की आवाज, रक्षा जरूरी
ऊना। प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी आवाज है और इस आवाज की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। यह बात प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने गुरुवार को ऊना में आयोजित कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट हैं तथा मताधिकार पर किसी भी प्रकार की चोट के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। रायजादा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे महत्वपूर्ण है। इसी वोट के माध्यम से नागरिक अपनी सरकार चुनते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, उनका जवाब पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
