हरियाणा में कल गरजेगी कांग्रेस, 13 शहरों में सैनी सरकार को घेरेंगे नेता, मांगेंगे काम का हिसाब

By: Oct 20th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़

हरियाणा में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। 21 अक्तूबर को प्रदेश के 13 शहरों में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार के दो साल के कामकाज का हिसाब मांगेंगे। कांग्रेस ने इसे सरकार के कुशासन, वादाखिलाफी और जनविरोधी नीतियों को उजागर करने का अभियान बताया है। इसकी घोषणा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने की है। कांग्रेस के कार्यक्रम के अनुसार, सिरसा में राव नरेंद्र सिंह, दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चंडीगढ़ में सांसद कुमारी सैलजा और रोहतक में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। फरीदाबाद में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह, पानीपत में धर्मपाल मलिक, भिवानी में डॉ. अशोक तंवर, करनाल में उदयभान और हिसार में सांसद जयप्रकाश सरकार के खिलाफ मोर्चा संभालेंगे।

विज्ञापन इसी तरह अंबाला में सांसद वरुण मुलाना, सोनीपत में सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, कुरुक्षेत्र में सांसद कर्मवीर बौद्ध और गुरुग्राम में पूर्व सांसद राज बब्बर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला 21 अक्तूबर को गुजरात के प्रभारी के तौर पर संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और छोटे व्यापारी सरकार की नीतियों से परेशान हैं। पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाया है। कांग्रेस का कहना है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App