कहीं यह नकली पनीर तो नहीं, गुणवत्ता पर सवाल

By: Oct 20th, 2026 12:02 am

सोलन में फैटी एसिड प्रोफाइलिंग में खरा नहीं उतरा पनीर; अभी तक छह सैंपल जांच में फेल, दुकानदार को नोटिस जारी

निजी संवाददाता-सोलन
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। सोलन में पनीर का एक सैंपल जांच में सब-स्टैंडर्ड पाया गया है। जांच रिपोर्ट में पनीर का फैट प्रतिशत सही मिला, लेकिन फैटी एसिड प्रोफाइलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं रही। इसके बाद विभाग ने संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं, बीते माह बद्दी, नगाली और कुमारहट्टी से लिए गए पनीर के पांच सैंपल भी जांच में फेल पाए गए थे। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अतुल कायतस ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए समय-समय पर खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाते हैं। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने पर संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी किए जाते हैं और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाती है।

सोलन में लिए गए पनीर के सैंपल की जांच में फैट प्रतिशत सही पाया गया, लेकिन फैटी एसिड प्रोफाइलिंग में कमी सामने आई। अब दुकानदार के जवाब के आधार पर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले विभाग ने बीते माह बद्दी, नगाली और धर्मपुर कुमारहट्टी क्षेत्र से पनीर के सैंपल भरे थे। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में बद्दी की दो, नगाली की एक और कुमारहट्टी की दो दुकानों से लिए गए पनीर के सैंपल फेल. पाए गए। इन मामलों में भी विभाग ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। दुकानदारों को सैंपलों की दोबारा जांच करवाने के लिए एक माह का समय दिया गया है। इसके बाद संबंधित मामलों को अदालत में भेजा जाएगा और अदालत के आदेशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग की ओर से बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में सोलन शहर से कलाकंद और चटनी के सैंपल भी जांच के लिए भरे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में कोई खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App