नूरपुर में अवैध खनन पर शिकंजा, 15 दिन में पकड़े 32 मामले
बंद सीजन में भी नहीं थमा अवैध खनन, विभाग 91 मामले पकडक़र लाखों का लगाया जुर्माना
कार्यालय संवाददाता-नूरपुर
खनन विभाग के खनन कार्यालय नूरपुर ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। नूरपुर, इंदौरा, फतेहपुर और जवाली क्षेत्रों में 16 से 30 सितंबर तक चलाए गए अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने अवैध खनन के 32 मामले पकड़े। इनमें से 22 मामलों का निपटारा करते हुए दो लाख 54 हजार 200 जुर्माना वसूला गया, जबकि दस मामलों में विभागीय कार्रवाई जारी है। इस दौरान टीमों ने 17 सरप्राइज रेड कर अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया। खनन विभाग की कार्रवाई से स्पष्ट है कि खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध खनन के खिलाफ निगरानी लगातार जारी है। विभागीय टीमों ने अवैध खनन के रास्तों को बंद करने की कार्रवाई भी की है।
गौरतलब है कि एक जुलाई से 15 सितंबर तक खनन का बंद सीजन रहा। इस अवधि के दौरान भी विभाग ने अवैध खनन के 91 मामले पकड़े थे। इनमें से 48 मामलों का निपटारा कर पांच लाख 51 हजार 600 जुर्माना लगाया गया। करीब 1375 मीट्रिक टन अवैध रूप से भंडारित खनन सामग्री जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान 57 ट्रैक्टर, 29 टिप्पर और तीन जेसीबी भी पकड़ी गईं। खनन अधिकारी नूरपुर सुरेश कुमार ने बताया कि विभाग अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। 16 से 30 सितंबर तक 32 मामले पकड़े गए, जिनमें 22 का निपटारा कर दो लाख 54 हजार 209 का जुर्माना वसूला गया है। शेष 10 मामलों में कार्रवाई जारी है। सीमित स्टाफ के बावजूद विभागीय टीमें सक्रिय हैं और अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
