कांगड़ा-श्रीचामुंडा-ज्वालामुखी में मां के आशीर्वाद को भक्तों की भीड़
दिव्य हिमाचल टीम- कांगड़ा
चतुर्थ नवरात्र के पावन अवसर पर नगर निगम पालमपुर की आयुक्त नेत्रा मैती मां बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में शीश नवाने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां के दर्शन किए तथा क्षेत्रवासियों एवं समस्त लोगों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर के पुजारी कांति शर्मा एवं अन्य सदस्यों ने उन्हें विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा डा. अंजलि गर्ग भी उनके साथ मौजूद रहीं। मंदिर अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि चतुर्थ नवरात्र के दिन लगभग 6500 श्रद्धालुओं ने मां बज्रेश्वरी के दरबार में माथा टेका। वहीं, तीसरे नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में लगभग 1072080 लाख का चढ़ावा अर्पित किया गया।
वहीं, शारदीय नवरात्र के चलते चौथे दिन बुधवार को लगभग माता चामुंडा के दरबार में छह हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका, वहीं मंदिर प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। मंदिर को तीन सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि चप्पा चप्पा पहरा दे रही है। उधर, विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आश्विन माह के शरद कालीन नवरात्र के तीसरे दिन मां के भक्तों ने कुल मिलाकर सात लाख 14200 का नकद चढ़ावा मां ज्वालामुखी के चरणों में अर्पित किया। मंदिर अधिकारी तहसीलदार अजय मंडयाल ने बताया कि मां के भक्तों ने शांतिपूर्ण माहौल में लाइनों में लगकर मां के जयकारे लगाते हुए गर्भ गृह में अखंड ज्योति के दर्शन किए और पुण्य फल प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि चौथे नवरात्रि में लगभग 15000 यात्रियों ने परिवार सहित माता रानी की अखंड ज्योति के दर्शन किए
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
