जेई सिविल भर्ती की डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन 15 से, राज्य चयन आयोग ने जारी किया 149 पदों का परिणाम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— हमीरपुर
राज्य चयन आयोग ने जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 149 पदों को पोस्ट कोड-26016 के अंतर्गत ट्रेनी आधार पर भरने के लिए कम्प्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए. एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है। आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए 8192 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 6726 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण 372 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है, जो कि 15 अक्तूबर से आरंभ होगी।
इसका शेड्यूल अलग से तय किया जाएगा। इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर दी जाएगी। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियांए इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डाउनलोडड कॉपी साथ लाने होंगे।
मेडिकल सोशल वर्कर का रिजल्ट आउट
हमीरपुर। एचपीआरसीए ने मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में मेडिकल सोशल वर्कर के दो पदों को पोस्ट कोड-26006 के अंतर्गत भरने के लिए आयोजित सीबीटी का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इन पदों के लिए 162 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 98 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण नौ उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है, जो कि 15 अक्तूबर को होगी। इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर दी जाएगी।
शारीरिक शिक्षा और संस्कृत शिक्षक भर्ती परीक्षा 27 को
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने शारीरिक शिक्षा अध्यापकों और संस्कृत शिक्षकों की भर्ती के लिए कम्प्यूटर आधारित परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन ने बताया कि शारीरिक शिक्षा अध्यापक (प्रारंभिक) पोस्ट कोड-26024, संस्कृत शिक्षक पोस्ट कोड-26023 और शिक्षक (शारीरिक शिक्षा) पोस्ट कोड-26035 की सीबीटी परीक्षा 27 अक्तूबर को होगी। डा. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर एक लिंक का प्रावधान किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी अपना रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
