अवैध धंधों, असामाजिक तत्वों का बोलबाला
अपर बसाल में प्रधान के घर पर हमले के प्रयास के विरोध में लोगों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
अपर बसाल गांव में 2 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि पंचायत प्रधान अमरीक सिंह के घर पर अज्ञात लोगों द्वारा हमले के प्रयास मामले में मंगलवार को गांववासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एएसपी ऊना अजय राणा से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने एएसपी ऊना को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की धरपक्कड़ कर पुरे मामले की जांच की मांग की। ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद भी अभी तक कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई है। पंचायत प्रधान अमरीक सिंह व अन्य ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में अवैध धंधों और असामाजिक तत्वों का बोलबाला है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही अवैध गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व क्षेत्र में खुलेआम घूम रहे हैं। क्षेत्र की झुग्गियों में अवैध दुकानें खोलकर अवैध शराब और नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं। क्षेत्र में खनन माफिया द्वारा खड्डों और सरकारी भूमि में अवैध खनन धड़ल्ले से किया जा रहा है, जिससे पेयजल स्रोतों और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि नवर्निवाचित ग्राम पंचायत ने क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के विरूद अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि इसके चलते अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोग चुने हुए जनप्रतिनिधियों को निशाने पर ले रहे है। उन्होंने पंचायत प्रधान पर हुए हमले के प्रयास में असामाजिक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि प्रधान के घर पर हुआ हमला इन्हीं अवैध गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के इशारे पर किया गया है। गनीमत यह रही कि इस घटना में परिवार का कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पीडि़त परिवार और पूरा गांव डर व खौफ के साए में जीने को मजबूर है। पंचायत ने पुलिस व प्रशासन को असामाजिक तत्वों के खिलाफ पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में सख्त से सख्त और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि गांव में शांति, सुरक्षा और कानून का राज बना रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
