रियंूद पुल पर सफर का सपना टूटा…अभी दस दिन और टेस्टिंग

By: Oct 20th, 2026 12:02 am

ऐन मौके पर एनएचएआई की टेस्टिंग ने रोक दी लोगों की राह; डीएसपी के बोल, अधिकारियों को पहले बताना चाहिए था

नगर संवाददाता- कांगड़ा
शरद नवरात्र के दौरान कांगड़ा में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और वाहनों की संख्या को देखते हुए रियंूद पुल को दो दिन के लिए छोटे निजी वाहनों की आवाजाही के लिए खोलने का ऐलान सोमवार सुबह उस समय धरा रह गया, जब निर्धारित समय पर एनएचएआई ने पुल को यातायात के लिए नहीं खोला। पुल खुलने की उम्मीद में पहुंचे, वाहन चालकों को निराशा हाथ लगी और मौके पर वाहनों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। गौरतलब है कि रविवार को डीएसपी कांगड़ा राजेश कुमार ने घोषणा की थी कि कछियारी-रानीताल फोरलेन पर स्थित रियंूद पुल को सोमवार सुबह नौ बजे से मंगलवार रात दस बजे तक छोटे निजी वाहनों के लिए खोला जाएगा।

इसके तहत पुल की दाईं और वाली एक लेन पर सवारियों वाले दोपहिया और चौपहिया वाहनों को चलाने की बात कही गई थी, लेकिन सोमवार सुबह निर्धारित समय पर पुल नहीं खुला और यातायात बहाल करने की योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। इस मामले पर डीएसपी कांगड़ा राजेश कुमार ने कहा कि उन्होंने रविवार को एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत करने के बाद ही पुल को दो दिन के लिए खोलने का ऐलान किया था, लेकिन सोमवार सुबह जब पुल खोलने का समय आया तो एनएचएआई की ओर से टेस्टिंग की बात कही जाने लगी। डीएसपी ने कहा कि यदि पुल को यातायात के लिए खोलना संभव नहीं था, तो एनएचएआई के अधिकारियों को पहले ही स्पष्ट कर देना चाहिए था, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़ता। वहीं, एसडीएम कांगड़ा डा. अंजलि गर्ग ने बताया कि सोमवार को इस मामले में एनएचएआई के अधिकारियों से उनकी बातचीत हुई है। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि रियंूद पुल की टेस्टिंग शुरू कर दी गई है, जो लगातार दस दिन तक चलेगी टेस्टिग के दौरान तापमान प्रभावित न हो, इसलिए किसी वाहन को नहीं चलाया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि टेस्टिंग और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही पुल को यातायात के लिए शुरू किया जा सकेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App