शहर में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
सीटू, एसएफआई और किसान सभा ने किया प्रदर्शन, एसआईआर के विरोध में जमकर नारेबाजी
निजी संवाददाता-सोलन
मतदाता सूची से पात्र नागरिकों के नाम हटाए जाने की आशंकाओं को लेकर सोलन में शनिवार को सीटू, हिमाचल किसान सभा और भारत की छात्र फेडरेशन (एसएफआई) ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। पुराने बस स्टैंड पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के विरोध में नारेबाजी की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधार लागू करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में शामिल संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि भारत का लोकतंत्र सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार पर आधारित है।
प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त है और मतदाता सूची में नाम दर्ज होना इस अधिकार के इस्तेमाल के लिए आवश्यक है। ऐसे में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को मतदान से वंचित न होना पड़े। संगठनों ने कहा कि एसआईआर के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने या हटाने के लिए चिह्नित किए जाने को लेकर चिंताएं सामने आ रही हैं। उनका कहना था कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि प्रशासनिक त्रुटियों के कारण पात्र नागरिकों के नाम सूची से बाहर न हों। जिला महासचिव मोहित वर्मा, जिला अध्यक्ष राकेश, प्यारेलाल वर्मा तथा सहजन और नीतीश व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
