जुन्गा अस्पताल में बढ़ेंगी सुविधाएं, खुलेगा अग्निशमन उपकेंद्र
अगले साल से स्कूल में होगी सीबीएसई की पढ़ाई, दशहरा महोत्सव में ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह की बड़ी घोषणाएं
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला के जुन्गा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ाया जाएगा और जल्द ही यहां एक नया अग्निशमन उपकेंद्र भी खोला जाएगा। इसके साथ ही, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुन्गा को आगामी शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई बोर्ड के अधीन किया जाएगा। ये घोषणाएं ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बुधवार देर शाम जुन्गा मेला ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कीं। मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर जुन्गा अस्पताल में सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
वर्ष 2026 के दौरान अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने, ब्लड बैंक शुरू करने, लिफ्ट की तकनीकी समस्या दूर करने तथा आधुनिक ओपीडी व पब्लिक हेल्थ यूनिट जैसी सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए भी प्रयास जारी हैं। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही अग्निशमन केंद्र की मांग पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि इसके लिए भूमि उपलब्ध करवाएं, ताकि इस मांग को जल्द पूरा किया जा सके। तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव के दौरान आयोजित कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिताओं में विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने अपनी खेल प्रतिभा दिखाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, पंचायत समिति सदस्य सीमा सेन सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
