पांच घंटे बत्ती गुल,ऊना में बार-बार लग रहे कट बने आफत
फेस्टिवल सीजन में बिजली न होने से व्यापारी परेशान, तीन महीने से बार-बार लग रहे कटों से परेशान लोगों ने बोर्ड से लगाई समस्या हल करने की गुहार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
फेस्टिवल सीजन में बाजारों में ग्राहकों की बढ़ी आवाजाही के बीच बिजली कट व्यापारियों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। ऊना शहर में आए दिन लग रहे अघोषित बिजली कटों से कारोबार प्रभावित हो रहा है। सोमवार को दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बाधित रहने से दुकानदारों के साथ शहरवासियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों के अनुसार, शहर में चार से पांच घंटे तक बिजली गुल रही। उनका कहना है कि पिछले करीब तीन महीनों से बिजली कटों का सिलसिला जारी है। कभी मरम्मत तो कभी अन्य कारणों से दूसरे या तीसरे दिन बिजली बंद होने से उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है। त्योहारों के दौरान दुकानदारों को कारोबार में तेजी आने की उम्मीद रहती है।
फेस्टिवल सीजन में लोग कपड़े, जूते, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचते हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने से दुकानों में कामकाज प्रभावित होता है। कई दुकानों में बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल होता है, जबकि ग्राहकों को सामान दिखाने और बिल बनाने जैसे कार्यों में भी परेशानी आती है। लगातार बिजली कट लगने से दुकानदारों को ग्राहकों को सेवाएं देने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। व्यापारी सूरज कुमार, धीरज कुमार, साहिल और रघु पुरी ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के कारण पहले ही बाजार के कारोबार पर असर पड़ा है। अब त्योहारों के दौरान ग्राहक दुकानों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन बार-बार बिजली कट लगने से दुकानदारी प्रभावित हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि फेस्टिवल सीजन उनके लिए पूरे साल के महत्वपूर्ण समय में से एक है। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से बिक्री पर असर पडऩे की आशंका बनी रहती है। व्यापारियों ने कहा कि पिछले करीब तीन महीनों से बिजली कटों की समस्या लगातार बनी हुई है। मरम्मत के नाम पर दूसरे या तीसरे दिन बिजली बंद कर दी जाती है। यदि यही स्थिति बनी रहती है, तो दुकानदार अपना कामकाज सुचारू रूप से कैसे चला पाएंगे। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में रौनक बढ़ती है और दुकानदार ग्राहकों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बिजली कटों के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। फेस्टिवल सीजन में बाजारों में ग्राहकों की बढ़ी आवाजाही के बीच बिजली कट व्यापारियों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।
सुचारू बिजली आपूर्ति की मांग
व्यापारियों ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि फेस्टिवल सीजन को देखते हुए शहर में बिजली आपूर्ति सुचारू रखी जाए। यदि मरम्मत कार्य जरूरी हो, तो इसकी जानकारी पहले से दी जाए, ताकि दुकानदार अपने कामकाज की योजना बना सकें। उनका कहना है कि बार-बार लगने वाले अघोषित कटों से न केवल व्यापारियों, बल्कि बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी होती है। व्यापारियों ने विभाग से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
