गिल-अभिषेक आईसीसी अवार्ड के लिए नॉमिनेट, शेफाली-श्रीचारणी-अटापट्टू प्लेयर ऑफ द मंथ की रेस में
एजेंसियां— दुबई
भारतीय कप्तान शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, शेफाली वर्मा और श्री चारणी को सितंबर के आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। आईसीसी ने मंगलवार को सितंबर महीने के लिए मेंस और वूमंस कैटेगरी के नॉमिनेशन का ऐलान किया। मेंस कैटेगरी में गिल और अभिषेक के साथ जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को जगह मिली है। वहीं, वूमंस में शेफाली और श्री चरणी के अलावा श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू को नॉमिनेट किया गया है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो वनडे में 333 रन बनाए।
उन्होंने पहले वनडे में 110 रन की पारी खेली। इसके बाद दूसरे वनडे में 133 गेंदों पर 223 रन बनाए। यह वनडे इतिहास की सबसे तेज डबल सेंचुरी है। गिल पांचवीं बार आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड की रेस में हैं। अभिषेक शर्मा ने सितंबर में चार टी-20 इंटरनेशनल में 229 रन बनाए। अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी-20 में उन्होंने 34 गेंदों पर 108 रन बनाए। इस पारी में अभिषेक ने 30 गेंदों में शतक पूरा किया, जो किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज टी-20 इंटरनेशनल शतक है।
वोटिंग से चुने जाएंगे विजेता
आईसीसी की स्वतंत्र वोटिंग एकेडमी और दुनिया भर के फैंस विजेताओं का चयन करेंगे। वोटिंग में एकेडमी के वोट का वेटेज 90 फीसदी और फैंस के वोट का 10 फीसदी होगा। विजेताओं की घोषणा हर महीने के दूसरे हफ्ते में आईसीसी के डिजिटल चैनल्स पर की जाती है।
अंतरिम मुख्य चयनकर्ता के तौर पर काम कर रहे प्रज्ञान ओझा
मुंबई। बीसीसीआई की चयन समिति में बड़ा बदलाव हुआ है। अजीत अगरकर का चीफ सिलेक्टर के रूप में कार्यकाल चार अक्तूबर को खत्म हो गया। इसके बाद गुवाहाटी में हुई टीम चयन बैठक में अगरकर मौजूद नहीं थे। रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने फिलहाल चयन समिति के सदस्य और पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को जिम्मेदारी संभालने को कहा है। ओझा अब अंतरिम चीफ सिलेक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं।
प्रज्ञान ओझा स्थायी चीफ सेलेक्टर पद के लिए भी विकल्प बनकर उभरे हैं। चयन समिति में मौजूद सदस्यों में ओझा ने सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने भारत के लिए 24 टेस्ट खेले हैं। एक सूत्र ने कहा, आप बीसीसीआई में कभी नहीं जानते कि क्या हो सकता है। ओझा सभी के लिए स्वीकार्य उम्मीदवार नजर आते हैं। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि ओझा ही स्थायी रूप से इस पद पर बने रहेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
