कस्तूरबा गांधी छात्रावास किहार की छात्राएं चमकी
जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक किए अपने नाम, जीती रनर-अप ट्राफी
नगर संवाददाता-चंबा
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय छात्रावास किहार की छात्राओं ने जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कराटे एवं ताइक्वांडो कई पदक अपने नाम किए। गुंजन ने 56 किलोग्राम भार वर्ग कराटे में स्वर्ण पदक, सपना ने 45 किलोग्राम भार वर्ग ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक तथा सपना देवी ने 52 किलोग्राम भार वर्ग ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक हासिल किया। कविता ने कराटे में रजत पदक प्राप्त किया। रूबी, आरती, लावनिया एवं किरण ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किए। इसके अतिरिक्त किहार छात्रावास की छात्राओं ने टीम स्पर्धा में रनर-अप ट्राफी भी अपने नाम की है। इस शानदार प्रदर्शन के चलते किहार छात्रावास की छात्राओं का राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
इस उपलब्धि पर शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता) उपमा शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किहार के प्रिंसीपल योगेश घई तथा जिला समन्वयक डा. कविता बिजलवान ने सभी छात्राओं, उनके अभिभावकों, विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्रावास के स्टाफ को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने चयनित छात्राओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे राज्य स्तर पर भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिला चंबा तथा विद्यालय व केजीबीवी छात्रावास किहार का नाम रोशन करेंगीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
