बदले की भावना से काम कर रही सरकार, नेता प्रतिपक्ष का तंज; मंत्रियों नहीं, मित्रों की होती है सुनवाई

By: Oct 22nd, 2026 10:01 pm

स्टाफ रिपोर्टर — ठियोग

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर मामले दर्ज करने तथा महिलाओं को 1500 रुपए और पांच लाख नौकरियां देने की गारंटी पूरी नहीं करने के आरोप लगाए। गौर हो कि भाजपा ने ठियोग में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी का संदेश दिया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर, शिमला के सांसद सुरेश कश्यप और चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। समारोह में जिला परिषद सदस्य, 20 पंचायत समिति सदस्य, पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य शामिल हुए।

भाजपा नेताओं ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में बेहतर काम करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया। उन्होंने पंचायत चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन और 12 में से 11 जिला परिषदों में पार्टी की जीत को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए महत्त्वपूर्ण संकेत बताया। जयराम ठाकुर ने सीएम पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह मंत्रियों की अपेक्षा अपने मित्रों से अधिक चर्चा करते हैं।

सांसद अनुराग ठाकुर ने घेरी सरकार

सांसद अनुराग ठाकुर ने सेब बहुल क्षेत्रों के बागबानों की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने सरकार से किसानों और बागबानों के ऋण पर ब्याज माफ करने की मांग की। उन्होंने सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए राज्य पर 112319 करोड़ रुपए का कर्ज होने का दावा किया। कर्मचारियों और पेंशनरों की देनदारियों, रिक्त पदों और चुनावी गारंटियों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा व शिमला के सांसद सुरेश कश्यप ने पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी को संगठन की सक्रियता का प्रमाण बताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App