स्कूल-कॉलेजों में घटती छात्र संख्या को सरकार कसूरवार, नगरोटा बगवां में बोले जयराम ठाकुर
टीम — नगरोटा बगवां, धर्मशालाा
सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में लगातार घटती छात्र संख्या के लिए वर्तमान सरकार जिम्मेदार है। यह शब्द नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को नगरोटा बगवां में कहे। वह स्थानीय विश्राम गृह में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे । उन्होंने कहा जब स्कूलों में शिक्षक ही नहीं होंगे, तो कोई भी अभिभावक अपने बच्चों को स्कूलों में क्यों भेजेगा। यही वजह है कि सरकारी स्कूल और कॉलेज खाली होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के होते बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी की तमाम संभावनाएं समाप्त हो चुकी हैं, जो सरकार की चार वर्ष की कार्यशैली दर्शाती है और इसका खमियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के वादे के मुताबिक चार साल में चार लाख नौकरियां देना तो दूर, आउटसोर्स कर्मियों को भी सरकार बाहर का रास्ता दिखाने पर अमादा है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय पर हुए 50 करोड़ के खर्च को भी आर्थिक मंदी के दौर में फिजूलखर्ची बताया।
राष्ट्रपति के सामने झूठ बोला
जयराम ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने भी सरकार ने अपने झूठ की गठरी खोल दी। उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि हिमाचल प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी हो रही है? हैरानी इस बात की है कि क्या मुख्यमंत्री को यह पता नहीं है कि प्रदेश में कितने मेडिकल कॉलेज हैं।
रामचंद भाटिया याद किए
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मंगलवार को नगरोटा बगवां के पूर्व विधायक स्व. राम चंद भाटिया के आवास पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने स्वर्गीय राम चंद भाटिया को सादा, सरल, बेदाग, ईमानदार, कर्मठ और जुझारू नेता बताया।
मेजर मनकोटिया के निधन पर जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांगड़ा के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर शोक जताया। जयराम ठाकुर ने मंगलवार को तियारा पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और मेजर विजय सिंह मनकोटिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
