हिमाचल में घोर लापरवाही, 80 KM बाद मां-बाप को पता चला कि 8 साल के बच्चे को ढाबे पर छोड़ आए हैं
अम्ब। हिमाचल में लापरवाही का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हिमाचल ही नहीं उत्तर प्र्र्रदेश को भी हैरान करके रख दिया है। मामला ऊना जिला के धुसाड़ा का है, जहां एक परिवार ढाबे पर चाय-नाश्ता करके लगभग 80 किलोमीटर दूर जा पहुंचा और फिर पता चला कि वे अपने आठ साल के बच्चे को ढाबे पर ही छोड़ आए हैं। अब चौंकाने वाली बात यह है कि मां-बाप को इतनी दूर पहुंच जाने के बाद भी बच्चे की याद नहीं आई। यह तो शुक्र है कि ऊना पुलिस ने गाड़ी का नंबर सीसीटीवी खंगाल कर मां-बाप के प फोन नंबर का पता लगाया और खुद सूचना दी कि आप बच्चे को ढाबे पर ही भूल आए हैं। दरअसल, उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं का यह समूह हिमाचल के शक्तिपीठों में दर्शन के लिए आया था।
मंगलवार सुबह यह अंब के धुसाड़ा स्थित एक ढाबे पर चाय-नाश्ता कर टैम्पो ट्रैवलर में सवार होकर आगे निकल गए, लेकिन 8 साल के बच्चा ढाबे पर ही भूल गए। बच्चे को रोता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने बच्चे को अपनी कस्टडी में ले लिया। इसके बाद मामला उस वक्त पेचीदा हुआ कि गाड़ी और मां-बाप का पता कैसे किया जाए। फिर पुलिस ने अम्ब चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगाला और टैम्पो ट्रैवलर को ट्रेस किया गया। गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क किया गया, फिर टैम्पो ट्रैवलर के चालक से फोन पर संपर्क साधा। तब जाकर मां-बाप को एहसास हुआ कि वे 8 वर्षीय बेटे को ढाबे पर ही भूल आए हैं। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि आवश्यक कागजी और कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
