भगवान के प्रति रखो श्रद्धा, लग जाओगे पार

By: Oct 9th, 2026 12:54 am

ठाकुरद्वारा राधा-कृष्ण मंदिर कैलाश नगर नकड़ोह में कथा व्यास ने दिया संदेश, कृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग से भक्तिमय हुआ वातावरण
स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल 814 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक ठाकुरद्वारा राधा-कृष्ण मंदिर कैलाश नगर नकड़ोह में डीडीएम परिवार के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी के विवाह का मनोहारी प्रसंग सुनाया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी की सुंदर एवं आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ विवाह प्रसंग का आनंद लिया।

कथा में 1008 महामंडलेश्वर रमेश दास जी महाराज, बाबा लाल दयाल की पवित्र गद्दी के गद्दीनशीन, ने अपने मुखारविंद से दिव्य प्रवचन किए। उन्होंने श्रद्धालुओं को भक्ति, सेवा, सदाचार और सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हुए भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा और विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया। उनके आध्यात्मिक विचारों ने श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान की। कथा में पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया और भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग का आनंद लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App