पट्टिका में महापौर का नाम न होने और विधायक का हाउस से नाम हटाने पर तीखी बहस

By: Oct 20th, 2026 12:01 am

ठेकेदारों पर सख्ती, काम लटकाने वालों को नहीं मिलेगा नया टेंडर, होंगे ब्लैक लिस्ट

स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
नगर निगम धर्मशाला के दूसरे जनरल हाउस में सोमवार को शहर के विकास कार्यों में देरी, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पार्किंग की समस्या और सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने सवाल उठाए। बैठक में महापौर के नाम का विकास कार्यों की पट्टिका में न लगाए जाने और पिछली पहली बैठक की कार्रवाई से विधायक का नाम हटाने के मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। करीब तीन महीने बाद एमसी धर्मशाला के महापौर शमशेर नेहरिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में ठेकेदारों पर शिकंजा कसने और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करवाने पर जोर दिया गया। तय समय पर काम शुरू नहीं करने और निर्माण कार्यों को लटकाने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

वहीं, काम में लापरवाही बरतने वाले कुछ ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट में डालने की बात भी कही गई। ठेकेदारों को एक समय में दो से अधिक कार्य नहीं देने का प्रस्ताव भी रखा गया। हालांकि इससे पहले ठेकदारों का पक्ष जानने के लिए भी एक अहम बैठक एमसी की ओर से आयोजित की जाएगी।बैठक में उप-महापौर प्रेरणा गुलेरिया, संयुक्त आयुक्त चंद्रवीर सिंह और सभी पार्षद मौजूद रहे। श्यामनगर के पार्षद सुदेश शास्त्री ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पार्किंग के गलत निर्माण और निर्धारित स्थान से महज 25 मीटर की दूरी पर दूसरी पार्किंग बनाए जाने का मुद्दा उठाया। पूर्व महापौर नीनू शर्मा ने भी नाम पट्टिका का मामला जोर-शोर से उठाया, जिस पर सदन में खूब हंगामा हुआ। इसमें दोनों पक्षों भाजपा व कांग्रेस के पार्षदों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। हंगामा यंहा तक पहुंच गया कि दोनों पक्षों के पार्षद अपनी सीटों पर खड़े हो गए। इसके बाद महापौर ने हस्तक्षेप करते हुए मामले को शांत करवाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App