Himachal News: एपीएल परिवारों को दिवाली गिफ्ट, राशन डिपुओं में अब 168 रुपए में मिलेगा 14 किलो आटा

By: Oct 20th, 2026 12:01 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

दिवाली से पहले हिमाचल प्रदेश के एपीएल परिवारों को सस्ते राशन के कोटे में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। राशन डिपुओं में नवंबर के लिए आटे की मात्रा में एक किलो की बढ़ोतरी की गई है। अब एपीएल परिवारों को प्रति राशन कार्ड 168 रुपए में 14 किलो आटा मिलेगा। इससे पहले अक्तूबर में 13 किलो और सितंबर में 12 किलो आटा दिया जा रहा था। इस तरह पिछले दो महीनों में एपीएल परिवारों के आटे के कोटे में दो किलो की बढ़ोतरी की गई है। नवंबर में उपभोक्ताओं को प्रति राशन कार्ड 14 किलो आटा मिलेगा। चावल की निर्धारित मात्रा में कोई बदलाव नहीं किया है।

नवंबर में भी एपीएल परिवारों को प्रति राशन कार्ड पांच किलो चावल ही मिलेगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अनुसार नवंबर महीने के लिए प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कुल 16,685.13 मीट्रिक टन गेहूं आबंटित किया है। इसमें सबसे अधिक 14,262.612 मीट्रिक टन गेहूं एपीएल परिवारों के लिए रखा है। बीपीएल परिवारों के लिए 2,249.268 मीट्रिक टन और प्राथमिकता वाले परिवारों यानी पीएचएच के लिए 173.250 मीट्रिक टन गेहूं आबंटित किया है।

प्रदेश में नवंबर के लिए चावल का आबंटन

विभाग की ओर से नवंबर महीने के लिए चावल का आबंटन भी किया गया है। इसके तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली में कुल 8,480.864 मीट्रिक टन चावल की एलोकेशन की गई है। इसमें एपीएल परिवारों के लिए 6,250.602 मीट्रिक टन चावल रखा गया है। बीपीएल परिवारों के लिए 2,098.301 मीट्रिक टन और पीएचएच परिवारों के लिए 131.961 मीट्रिक टन चावल आंबटित किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App