हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, हौले-हौले हो रहा ठंड का एहसास
नरेन कुमार—धर्मशाला
हिमाचल में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी से प्रदेश में ठंड का एहसास होने लगा है। कांगड़ा जिला में भी मौसम बदल गया है। बारिश के साथ ही ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी भी देखने को मिली है। धौलाधार की पहाडिय़ों में सीजन का पहला हिमपात हुआ है। बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और क्षेत्र में ठंड ने दस्तक दे दी है। ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने से पहाड़ों पर सर्दी का असर बढ़ गया हैं, पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ रहने के कारण किसानों ने फसलों की कटाई शुरू कर दी थी।
कई किसानों ने खेतों में फसल काटकर खुले में रखी हुई थी। ऐसे में अचानक हुई बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। काटकर रखी गई फसल के भीगने से उसके खराब होने की आशंका बनी हुई है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि से खड़ी फसलों और बागीचों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 12 अक्तूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, वहीं छह से 9 अक्तूबर तक तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए किसानों और बागबानों को अपनी तैयार फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
