इंडिया गठबंधन युवाओं पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को फिर सड़कों पर उतरेगा : राहुल गांधी
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि सोमवार को पूरा इंडिया गठबंधन तथा देश के युवा बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरेंगे और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ पहले से कहीं अधिक विरोध की आवाज बुलंद करेंगे। राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के अधीन दिल्ली पुलिस खुद गुंडागर्दी पर उतर आई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोगों को महिलाओं और युवाओं पर हिंसा करने की खुली छूट दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जितना दबाव बनाएगी, युवाओं और छात्रों का गुस्सा उतना ही बढ़ेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ सोमवार को मुख्य न्यायाधीश से भी मुलाकात करेंगे और मांग करेंगे कि जब दिल्ली की सड़कों पर संविधान और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, तब कानून के संरक्षक चुप नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ने पर विपक्ष चुप नहीं बैठेगा और जवाबदेही तय कराकर रहेगा। राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार जितनी चाहे पुलिस तैनात कर ले और भाजपा-आरएसएस के जितने लोगों को बुलाना चाहे, बुला ले, लेकिन वे डरने या पीछे हटने वाले नहीं हैं और यह लड़ाई अब रुकने वाली नहीं है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
