Kangra News: गुप्त गंगा मार्ग पर कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान
पंकज ओबरॉय, कांगड़ा
कांगड़ा में शनिवार रात करीब 11 बजे गुप्त गंगा मार्ग पर गुरुद्वारा के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क से गुजर रही टाटा कार (एचपी 40सी) में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि चालक समय रहते कार से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार के पिछले टायर में अचानक आग लग गई थी। सड़क से गुजर रहे लोगों ने जब कार से आग की लपटें उठती देखीं तो चालक को इसकी सूचना दी। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार रोकी और बाहर निकल गया। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार कार के पिछले टायर में आग लगने के बाद आग तेजी से फैल गई थी। चालक के समय रहते बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
