भारत-अमरीका ट्रेड डील जल्द, मार्को रुबियो का बड़ा ऐलान, आज विदेश मंत्री जयशंकर से होगी मुलाकात

By: Oct 20th, 2026 12:06 am

एजेंसियां— वाशिंगटन

भारत और अमरीका के बीच ट्रेड डील को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को कहा कि दोनों देश व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के काफी करीब हैं। रुबियो ने उज्बेकिस्तान के समरकंद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। वह मंगलवार को मुंबई पहुंचेंगे, जहां विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह जामनगर भी जाएंगे, जहां दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरियों में से एक मौजूद है। मार्को रुबियो ने कहा कि हम इस समय भारत के साथ ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। हम इसे फाइनल करने के बहुत करीब हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसले लेते समय कई पहलुओं पर विचार करना पड़ता है।

इनमें वैश्विक ऊर्जा सप्लाई, कीमतें और अलग-अलग देशों की जरूरतें शामिल हैं। विदेश मंत्री जयशंकर 20 अक्तूबर को मुंबई में रुबियो के साथ बातचीत करेंगे। इस दौरान उन्होंने सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच बढ़ते तनाव, होर्मुज स्ट्रेट से जुड़ी चुनौतियों और रूस-यूके्रन युद्ध में ऊर्जा ठिकानों पर हो रहे हमलों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इन घटनाओं का असर वैश्विक ऊर्जा सप्लाई और कीमतों पर पड़ रहा है।

ऊर्जा सहयोग पर भी होगी चर्चा

भारत दौरे के दौरान रुबियो वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। बातचीत में भारत-अमरीका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, क्षेत्रीय और वैश्विक हालात पर विचार साझा करने और ऊर्जा सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

अमरीका ने नहीं रोकी कोई खुफिया मदद

ताशकंद। अमरीका ने यूक्रेन को दी जाने वाली खुफिया जानकारी पर रोक लगाने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को इस बात से इनकार किया कि यूक्रेन के साथ खुफिया जानकारी साझा करने पर कोई रोक लगाई गई थी। उन्होंने राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से रूस के साथ युद्ध समाप्त करने पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App