पता था वह मुसीबत है, फिर क्यों सौंपा विमान, हमलावर को-पायलट को लेकर अमरीकी उपराष्ट्रपति ने उठाए सवाल
एजेंसियां — वाशिंगटन
फ्लाईदुबई के को-पायलट हमाम अल-हम्मामी, जिसने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया था, उसे पैसेंजर जेट का कंट्रोल संभालने से पहले ही ‘संभावित मुसीबत’ मान लिया गया था। अब अमरीकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सवाल उठाया है कि उसे एयरक्राफ्ट के कॉकपिट में वापस जाने की इजाजत कैसे दी गई। बता दें कि वेंस की यह टिप्पणी उन खबरों के बाद आई है, जिनमें कहा गया था कि ओमान के अधिकारियों ने पहले अल-हम्मामी के व्यवहार को लेकर चिंता जताई थी और उसे उड़ान भरने की ड्यूटी से हटा दिया गया था। इसके बावजूद, बाद में फ्लाईदुबई ने उसे नौकरी पर रखा और दुबई-तेल अवीव रूट समेत पैसेंजर उड़ानों की जिम्मेदारी सौंपी। वेंस ने कहा कि इस कहानी में दिलचस्प बात यह है कि हमें पता था कि वह व्यक्ति समस्या पैदा कर सकता है।
अमरीकी संसद में कैप्टन स्मित के सम्मान में प्रस्ताव पारित
अमरीकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के सम्मान में प्रस्ताव पास किया है। इसे दोनों पार्टियों ने समर्थन दिया है। इसमें 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुए हमले के दौरान कैप्टन मच्छर की बहादुरी की तारीफ की गई है।
कैप्टन स्मित के सिर की हड्डी टूटकर अंदर धंसी, करवानी पड़ी एमरजेंसी सर्जरी
नई दिल्ली। फ्लाईदुबई की उस फ्लाइट को हादसे से बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की हालत में अब सुधार हो रहा है। विमान के कॉकपिट में ओमानी को-पायलट के हमले में उनकी खोपड़ी में गंभीर फ्रैक्चर हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, हमले के दौरान को-पायलट ने कॉकपिट में रखी क्रैश ऐक्स से कैप्टन मच्छार पर हमला किया था। इस हमले में उनके सिर की हड्डी टूटकर अंदर की तरफ धंस गई थी। इसे मेडिकल भाषा में डिप्रेस्ड स्कल फ्रैक्चर कहा जाता है। कैप्टन मच्छार को सऊदी के अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान की एमरजेंसी लैंडिंग के बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी खोपड़ी की सर्जरी कर हड्डी को ठीक किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
