मेजर मनकोटिया के घर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर
पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
नगर संवाददाता-गगल
कांगड़ा के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन के बाद उनके पैतृक निवास ओम महल तियारा में शोक संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तियारा पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और मेजर विजय सिंह मनकोटिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कांगड़ा के विधायक पवन काजल, नगरोटा के पूर्व विधायक अरुण कूका, शाहपुर की पूर्व विधायक सरवीण चौधरी, धर्मशाला के पूर्व विधायक विशाल नैहरिया, धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, प्रणब शर्मा, विश्व चक्षु, अर्जुन ठाकुर, कमल शर्मा सहित कई भाजपा नेताओं एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी तियारा पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नेताओं ने मेजर विजय सिंह मनकोटिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके निधन को प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। मेजर मनकोटिया ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक और मंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा की तथा पूर्व सैनिकों के हितों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। जयराम ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने शोक संतप्त परिजनों के साथ दुख साझा करते हुए कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया का व्यक्तित्व और उनका सार्वजनिक जीवन हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
