शिमला में मनाली मैराथन की टी-शर्ट लांच, 30 अक्तूबर से पहली नवंबर तक होगी प्रतियोगिता
सीएम सुक्खू ने किया अनावरण, 30 अक्तूबर से पहली नवंबर तक होगी प्रतियोगिता
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला में मनाली मैराथन के चौथे संस्करण के लिए टी-शर्ट का शुक्रवार को अनावरण किया। जिला कुल्लू के मनाली में इस मैराथन का आयोजन मनाली मैराथन एवं हिमालयन एक्सट्रीम स्पोट्र्स एसोसिएशन द्वारा 30 अक्तूबर से पहली नवंबर तक किया जाएगा। आयोजकों ने मुख्यमंत्री को इस आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया है। ग्रीन वॉरियर्स यूथ इनिशिएटिव फॉर ए ड्रग फ्री, फिट एंड क्लीन हिमाचल थीम पर इस मैराथन का आयोजन किया जा रहा है।
इस मैराथन में चुनौतीपूर्ण 100 किलोमीटर रोहतांग पास अल्ट्रा चैलेंज, 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन तथा 10 और पांच किलोमीटर की मास रन श्रेणियों की दौड़ शामिल हैं। इस आयोजन का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले साहसिक खेलों, ईको-टूरिज्म तथा साहसिक पर्यटन के लिए विश्वस्तरीय गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह मैराथन पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण के प्रति लोगों को जागरूक करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
